जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी साल 2019 को हुए आतंकी हमले के मामले में नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (NIA) के अधिकारी चार्जशीट दायर करने कोर्ट पहुंच गए हैं। लगभग पांच हजार पन्नों की इस चार्जशीट में जैश-ए-मोहम्मद (जेएम) प्रमुख मौलाना मसूद अजहर, उसके भाई अब्दुल रईस असगर, आतंकवादी संगठन के कई अन्य कमांडरों के नाम शामिल हैं।
एनआईए के अधिकारी चार्जशीट दाखिल करने के लिए कोर्ट पहुंच चुके हैं। इस बम विस्फोट में शामिल होने के आरोप में सात गिरफ्तार किए गए हैं। इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 40 जवान शहीद हुए थे। वहीं, कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
चार्जशीट डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल सोनिया नारंग और पुलिस अधीक्षक राकेश बलवाल की एक टीम द्वारा जांच के बाद पूरी की गई है। इसे जम्मू में एक विशेष एनआईए कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि चार्जशीट में हमले में पाकिस्तान की भूमिका पर अकाट्य सबूत – तकनीकी, सामग्री और परिस्थितिजन्य साक्ष्य हैं।
पिछले साल 14 फरवरी को पुलवामा जिले में जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक पदार्थों से लदी एक कार ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के एक काफिले को टक्कर मार दी जिसमें 40 चालीस जवान शहीद तथा कई अन्य घायल हो गये थे। प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने हमलावर का एक वीडियो जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।


Download Android App
Download iOS App



