उमर अब्दुल्ला का आरोप, प्रशासन को अपने इशारों पर नचा रही है BJP

Summary :

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पुलिस पर पार्टी के पूर्व एमएलसी को हिरासत में लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन भाजपा के इशारे पर यह काम कर रहा है।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने पुलिस पर पार्टी के पूर्व एमएलसी को हिरासत में लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर यह काम कर रहा है। अब्दुल्ला ने कहा कि एनसी के पूर्व एमएलसी को हाल में जिला विकास परिषद चुनाव में जीतकर आए निर्दलीय उम्मीदवारों से संपर्क करने से रोका जा रहा है और प्रशासन भाजपा के लिए निर्दलीय उम्मीदवारों को एकत्र करने का काम कर रहा है।
अब्दुल्ला ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, ‘‘दक्षिण कश्मीर से जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के पूर्व एमएलसी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह जिले के निर्दलीय डीडीसी उम्मीदवारों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे। इसके अलावा प्रशासन की ओर से चर्चा के लिए कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों को श्रीनगर भी ले जाया जा रहा है।’’ 
पूर्व मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा,‘‘प्रशासन ने अब भाजपा के लिए निर्दलीय डीडीसी उम्मीदवारों को एकजुट करने की जिम्मेदारी ले ली है। भाजपा को डीडीसी चुनाव के परिणामों को अपने पक्ष में करने से बचना चाहिए विशेष रूप से जब वह कह रही है कि इस चुनाव में लोकतंत्र की जीत हुई है।’’

Desk Team