जम्मू कश्मीर में विपक्षी पार्टी नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने राज्य विधानसभा के अध्यक्ष निर्मल सिंह की पत्नी द्वारा नगरोटा में सेना के एक आयुध डिपो के निकट कथित अवैध निर्माण के मुद्दे पर आज भाजपा पर निशाना साधा।
अब्दुल्ला ने एक ट्वीट में कहा ,‘‘ सेना जम्मू कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष की पत्नी के खिलाफ अदालत में जा रही है और अब तक आपने इन राष्ट्र विरोधी लोगों के खिलाफ कुछ भी नहीं कहा, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। क्या मैं पूछ सकता हूं ऐसा क्यों। ’’
पूर्व मुख्यमंत्री उस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें कहा गया था कि सेना ने निर्मल सिंह की पत्नी ममता सिंह के खिलाफ अवमानना का मामला दायर किया था। ममता ने नगरोटा में रक्षा प्रतिष्ठान के निकट मकान के निर्माण कार्य को बंद नहीं किया।
सेना ने इस वर्ष मार्च में उस समय उपमुख्यमंत्री रहे निर्मल सिंह को एक पत्र लिखा था और निषिद्ध क्षेत्र के दायरे में निर्माण कार्य को बंद करने के लिए कहा था। इसके बाद सेना ने निर्माण कार्य को रूकवाने के लिए उच्च न्यायालय का रूख किया था।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



