लेह-श्रीनगर राजमार्ग के श्रीनगर की ओर जाने वाले रास्ते को शुक्रवार को खोल दिया गया है। जोजिला दर्रे इलाके में भारी बर्फबारी के कारण लेह-श्रीनगर राजमार्ग के आठ दिनों तक बंद रहने के बाद राजमार्ग के श्रीनगर की तरफ जाने वाले रास्ते को एकतरफा यातायात के लिए खोला गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधीक्षक (यातायात) मुजफ्फर अहमद शाह ने आईएएनएस को दिए बयान में कहा कि कारगिल और कश्मीर घाटी के बीच यातायात को हरी झंडी दे दी गई है। अहमद शाह ने कहा, ‘यातायात 10.30 बाद खोल दिया गया है।
हम इस रास्ते से पहले सेना के काफिले को जाने की इजाजत दे रहे हैं क्योंकि इस रास्ते पर अन्य वाहनों के टायर खराब हो सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘सेना के काफिले के बाद नागरिकों के वाहन, ट्रक और अन्य भी इस रास्ते से जाएंगे।’नवंबर की शुरुआत में हुई बर्फबारी के कारण राजमार्ग बंद हो गया था, जिसके कारण कारगिल कस्बे में कई वाहन फंस गए थे। कस्बे के लोगों ने एक सप्ताह तक राजमार्ग पर फंसे यात्रियों को कंबल और खाना देकर उनकी मदद की।


Download Android App
Download iOS App



