जम्मू कश्मीर दौरे पर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह से रविवार को विस्थापित कश्मीरी पंडितो के तीन संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। उन्होंने गृह मंत्री से कश्मीर घाटी में प्रधानमंत्री के विशेष भर्ती कार्यक्रम के तहत भर्ती किए गए समुदाय के प्रवासी कर्मचारियों के लिए दो बेडरूम के क्वार्टर के निर्माण के अलावा सुरक्षा और बीमा कवरेज की भी मांग की। उन्होंने अमित शाह से एक शीर्ष समिति और एक कल्याण बोर्ड के गठन की भी मांग की।
रैना के नेतृत्व में हुई मुलाकात
जम्मू कश्मीर में शाह से हुई मुलाकात के बारे में अधिकारियों ने बताया की यह मुलाकात जम्मू कश्मीर के बीजेपी के अध्यक्ष रविंद्र रैना के नेतृत्व में राजभवन में हुई थी। प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों में जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्य सचिव और अपनी पार्टी के नेता विजय बकाया, यूथ ऑल इंडिया कश्मीरी समाज (वाईएआईकेएस) के प्रमुख आर के भट्ट, ऑल इंडिया कश्मीरी समाज (एआईकेएस) के नेता ए के रैना और कश्मीरी पंडित सभा (केपीएस) के प्रमुख ‘के के खोसा’ शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मंदिरों की सुरक्षा और कश्मीरी पंडितों के लिए एक कल्याण बोर्ड के गठन की भी मांग की।
अब तक तीन हजार कर्मचारी हो चुके है नियुक्त
जम्मू कश्मीर में वर्ष 2010 से अब तक करीब तीन हजार कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को प्रधानमंत्री के विशेष भर्ती पैकेज के तहत नियुक्त किया जा चुका है। गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में श्रीनगर में आतंकवादियों के हमले के शिकार शिक्षक दीपक चंद की पत्नी और भाई से भी मुलाकात की। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें केंद्र से हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया। शाह ने गुर्जर-बकरवाल और पहाड़ी समुदायों के प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात की।


Download Android App
Download iOS App



