केंद्र पर बरसीं महबूबा, कहा-अब सरदार खालिस्तानी, हम पाकिस्तानी, सिर्फ BJP ही हिंदुस्तानी

Summary :

महबूबा मुफ्ती ने केंद्र और बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार हिंदू और मुसलमानों के बीच विभाजन पैदा करती है।

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार को हिंदू और मुसलमानों के बीच विभाजन पैदा करती करने वाला बताया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र जम्मू-कश्मीर को प्रयोगशाला के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
महबूबा मुफ्ती ने कहा, दिल्ली के लोग (केंद्र सरकार) जम्मू-कश्मीर को प्रयोगशाला के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं और यहां प्रयोग कर रहे हैं। नेहरू-वाजपेयी जैसे नेताओं के पास जम्मू-कश्मीर के लिए दूरदृष्टि थी लेकिन यह सरकार हिंदू और मुसलमानों के बीच विभाजन पैदा करती है। सरदार अब खालिस्तानी हैं, हम पाकिस्तानी हैं, सिर्फ बीजेपी ही हिंदुस्तानी है…।

महबूबा मुफ्ती ने कहा- वोट लेने के लिए पाकिस्तान का इस्तेमाल करती है BJP

उन्होंने  कहा, ‘…परिसीमन की कवायद बेतरतीब ढंग से की जा रही है। वे सिर्फ नाम बदल रहे हैं (स्कूलों का नामकरण शहीदों के नाम पर) लेकिन नाम बदलने से बच्चों को रोजगार नहीं मिलेगा। वे (केंद्र) तालिबान, अफगानिस्तान के बारे में बात करते हैं लेकिन किसानों, बेरोजगारी के बारे में नहीं…।’
इससे पहले भी पीडीपी अध्यक्ष ने बीजेपी पर तालिबान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के मुद्दों पर वोट हासिल करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि बीजेपी का सात साल का शासन देश के लोगों के लिए दुख लाया है और इसने जम्मू-कश्मीर को ‘बर्बाद’ कर दिया है।

Desk Team