दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को आतंकवादियों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक काफिले पर गोलीबारी की। हालांकि इस हमले में किसी जवान को कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और अतिरिक्त बल मौके पर पहुंच गया है।
पुलिस ने कहा कि गोलीबारी में शामिल आतंकवादी उसी क्षेत्र में ही फंस गए हैं और पुलिस और सुरक्षा बलों ने उनकी धर-पकड़ के लिए एक अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि आतंकियों के खिलाफ बीएसएफ ऑपरेशन चला रही थी, तभी आतंकियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। बीएसएफ के काफिले पर ये हमला दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मालपोरा काजीगुंड के पास श्रीनगर-जम्मू हाइवे पर हुई है।
कश्मीर पुलिस ने आईजीपी कश्मीर, विजय कुमार के हवाले से एक ट्वीट में कहा है, “आतंकवादियों ने एनएचडब्ल्यू कुलगाम में बीएसएफ के काफिले पर गोलीबारी की। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आतंकवादी फंस गए हैं। ईओएफ जारी है। सुदृढीकरण पहुंच गया है। पुलिस, सीआरपीएफ और सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं।”
आतंकियों ने दो दिन पहले 10 अगस्त को CRPF की पार्टी पर हमला किया था। इस हमले में CRPF का एक जवान घायल हो गया था। आतंकियों ने ये हमला दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के क्रालचेक इलाके में हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



