जम्मू-कश्मीर: रामबन सड़क दुर्घटना में तीन जवान शहीद, कांग्रेस नेताओं ने जताया दुख

Summary :

रामबन हादसे में शहीद जवानों के परिवारों के साथ कांग्रेस

जम्मू-कश्मीर के रामबन में सड़क दुर्घटना में तीन भारतीय सेना के जवान शहीद हो गए। कांग्रेस नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया। खड़गे ने जवानों की निस्वार्थ सेवा को सलाम करते हुए सुरक्षा उपायों की मांग की, जबकि राहुल ने शहीदों को श्रद्धांजलि और परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की।

जम्मू-कश्मीर के रामबन में रविवार को हुए सड़क हादसे में भारतीय सेना के तीन जवानों की जान चली गई। इस हादसे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दुख जताया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”जम्मू-कश्मीर के रामबन में हुई भयानक त्रासदी के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ, जहां एक वाहन दुर्घटना में भारतीय सेना के तीन जवान शहीद हो गए। हम राष्ट्र के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा को सलाम करते हैं। हमारे बहादुर जवानों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। उन्होंने आगे लिखा, ”इस वर्ष मार्च में इसी घाटी में नागरिकों से जुड़ी एक ऐसी ही घातक घटना घटित होने के मद्देनजर हम अधिकारियों से भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल उचित और पर्याप्त सुरक्षा उपाय लागू करने का आग्रह करते हैं।”

पुंछ में पाकिस्तानी गोलीबारी का भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी रामबन हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लिखा, ”जम्मू-कश्मीर के रामबन में सेना की वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने से हमारे कई जवानों की शहादत का समाचार बेहद दुखद है। शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं।”

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक सड़क दुर्घटना में तीन जवानों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया, “आज जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले में बैटरी चश्मा के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन खाई में गिर गया। तीन सैनिकों की मौके पर जान चली गई।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.