जम्मू & कश्मीर में गुरुवार देर रात जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ के बाद निलंबित की गयी ट्रेन सेवा आज से बहाल कर दी गयी। वरिष्ठ रेल अधिकारियों ने बताया कि मध्य कश्मीर के श्रीनगर-बड़गाम से उत्तर कश्मीर के बारामूला के लिए ट्रेन सेवा हालांकि शुक्रवार को समयानुसार जारी रहीं।
उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर-अनंतनाग-काजीगुंड से जम्मू क्षेत्र में बनिहाल के बीच सुरक्षा कारणों से शुक्रवार को रेल सेवा निलंबित कर दी गयी थी। आज सभी ट्रेनें अपने नियत समय से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि घाटी में ट्रेन सेवा निलंबित और बहाल करने में उनकी कोई भूमिका नहीं होती है, वे लोग पुलिस से मिली सलाह के अनुसार काम करते हैं।
रेल अधिकारी ने कहा कि घाटी में चलने वाली ट्रेनों में विशेषकर शनिवार और सोमवार को भारी भीड़ रहती है। अलगाववादियों की हड़ताल के आह्वान के कारण पिछले माह सुरक्षा के मद्देनजर कई दिनों तक ट्रेन सेवा बाधित रही थी।


Download Android App
Download iOS App



