जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए शनिवार को कश्मीर के पुलवामा जिले में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान वागड़ त्राल निवासी बिलाल अहमद चोपन और चटलाम पंपोर निवासी मुर्सलीन बशीर के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया है कि दोनों आतंकवादी पुलवामा के पंपोर और त्राल इलाके में आतंकवादियों को हथियार और गोला बारूद के लिए परिवहन तथा आश्रय मुहैया करा रहे थे। उन्होंने बताया कि ये दोनों आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों को संवेदनशील जानकारी देने के मामले में भी लिप्त पाए गए हैं और उनके पास से कुछ सामग्री भी जब्त की गई है।
प्रवक्ता ने कहा कि दोनों आतंकवादियों के खिलाफ त्राल और पम्पोर पुलिस थाने में कानून की अलग-अलग धाराओं के तहत प्राथमिकी नंबर 96/2020 और 90/2020 दर्ज करा दी गई है तथा आगे की जांच की जा रही है। इससे पहले गुरुवार को जम्मू शहर के नागरोटा इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गये थे तथा इस दौरान जम्मू कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह के दो जवान घायल भी हो गये।


Download Android App
Download iOS App



