Udhampur Jaish Terrorists Killed: जम्मू कश्मीर के उधमपुर में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, मुठभेड़ में जैश के 2 आतंकी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Summary :

Udhampur Jaish Terrorists Killed: उधमपुर के मजालता जंगलों में सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया। बुधवार रात शुरू हुए अभियान के दौरान मुठभेड़ में जैश के दो आतंकी मारे गए। मौके से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। मारे गए आतंकियों की पहचान अभी नहीं हुई है। इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है।

Udhampur Jaish Terrorists Killed: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों ने आतंक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दरअसल, सुरक्षाबलों को आतंकियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान मजालता के जंगलों में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़ हो गई।

मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों को मार गिराया। मौके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मारे गए आतंकियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। इलाके में सर्च ऑपरेशन फिलहाल जारी है।

आतंकियों की सूचना मिलते ही देर रात शुरू हुआ ऑपरेशन

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  उधमपुर के मजालता इलाके के ब्रेटल, सोअन और खुब्बन क्षेत्रों में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने बुधवार रात करीब 9 बजे तलाशी अभियान शुरू किया। देर रात अभियान के दौरान सुरक्षाबलों का आतंकियों से संपर्क हुआ, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो जैश-ए-मोहम्मद आतंकियों को मार गिराया। तलाशी अभियान के दौरान मौके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि यह राष्ट्रीय राइफल्स और स्पेशल पैरा फोर्स का संयुक्त अभियान था, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों ने सहयोग किया।

जंगल में फायरिंग और धमाकों की आवाज

ऑपरेशन शुरू होने के बाद जंगल के इलाके में गोलियां चलने और धमाकों की आवाज सुनाई दी। सुरक्षाबलों ने संदिग्ध ठिकानों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। अभियान के दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं, हालांकि बरामद सामान की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल सुरक्षाबल पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। जिससे वहां किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें: J&K में आतंकी नेटवर्क पर बड़ा वार, राजौरी से लश्कर के 3 मददगार गिरफ्तार, IED भी बरामद

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।