जम्मू कश्मीर के लिए केंद्र सरकार के जन संपर्क कार्यक्रम का हिस्सा होने के तौर पर केंद्रीय गृह एवं युवक कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने रविवार को पुलवामा जिले का दौरा किया, जहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मंत्री ने बजवानी त्राल में बहुउद्देश्यीय इनडोर स्टेडियम, लार्वे काकपोरा में आईएसएम भवन, गुलशनपोरा में उप-केंद्र, जीडीसी त्राल में पुस्तकालय ब्लॉक एवं अतिरिक्त क्लासरूम, अवंतिपुरा में एक बूचड़खाना सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
प्रवक्ता ने बताया कि मंत्री ने नौदल ददसारा नैबुग रोड, गुसो डीरी रोड, अगलर गुर्जरबस्ती कनिगाम रोड और पुलवामा मोंगामा रोड की डिजिटल माध्यम से नींव भी रखी।
इस मौके पर प्रमाणिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत सरकार के सभी मंत्रालयों को जम्मू-कश्मीर के समग्र विकास के लिए मिलकर काम करने को कहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी केंद्र शासित प्रदेश में विकास की गति को बढ़ाने के लिए बहुत उत्सुक हैं, जिसके लिए केंद्र सरकार के पास अलग खाका है।
प्रमाणिक ने कहा कि केंद्र ने प्रदेश के लोगों के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास के उद्देश्य से विकासात्मक योजनाओं और व्यक्तिगत लाभ कार्यक्रमों की एक श्रृंखला शुरू की है।


Download Android App
Download iOS App



