जम्मू-कश्मीर में सीमा पर संघर्ष विराम उल्लंघन कर पाकिस्तान की ओर से हो रही निरंतर गोलीबारी पर कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा सुरक्षा बल से कहा कि सीमा पार से आने वाली हर गोली का करारा जवाब दिया जाना चाहिए। सिंह ने यहां सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों के अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने पाकिस्तान के साथ सामान्य संबंध बनाने का हर प्रयास किया है लेकिन पड़ोसी देश अपने हथकंडों से बाज नहीं आ रहा है और सुरक्षा बलों को उसकी हर कार्रवाई का उचित जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करना सीमा सुरक्षा बल का कर्तव्य है और इस कर्तव्य को पूरा करने में कोई बाधा या सीमा आडे नहीं आ सकती। उन्होंने कहा कि जवाबी कार्रवाई पर किसी से कोई सवाल जवाब नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की इस पैंतरेबाजी का ‘कारण क्या है यह समझना कठिन है। ये रिसर्च का विषय हो सकता है लेकिन वो अपनी हरकतों से बाज नहीं आता। पहली गोली तो पड़ोसी पर नहीं चलनी चाहिए लेकिन अगर उधर से चल जाती है तो क्या करना है उसका फैसला आपको करना है।’
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी रेंजर्स पिछले कुछ दिनों से सांबा, जम्मू और अरनिया क्षेत्रों में सीमा सुरक्षाबल की चौकियों पर भारी गोलीबारी कर रहा है। पाकिस्तान की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों के रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया जा रहा है जिससे जान माल का नुकसान हो रहा है। सीमा सुरक्षाबल की ओर से पाकिस्तानी गोलीबारी का करारा जवाब दिया है और पाकिस्तानी रेजरों की कई चौकी भारतीय जवाबी कार्रवाई में ध्वस्त हुई हैं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



