BJP New National Team : भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन को नए सिरे से ढालते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है। अपनी हर चाल के साथ पार्टी ने दूसरे खेमे को हैरान कर दिया है। खासकर चुनावी राज्यों में प्रभारी पद पर चुने नेताओं को लेकर। बता दें अगले साल 7 राज्यों में चुनाव है इसे लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति बना ली है।
पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में घोषित नई राष्ट्रीय टीम के तुरंत बाद उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात जैसे महत्वपूर्ण राज्यों में नए चुनाव प्रभारियों की नियुक्तियां कर दी गई हैं। इस बड़े फेरबदल का मकसद जमीनी पकड़ को मजबूत करते हुए युवाओं और अनुभवी नेताओं के बीच बैलेंस बनाना है।
चुनावी राज्यों में अनुभवी चेहरों पर दांव
राजनीतिक रूप से देश के सबसे अहम राज्य उत्तर प्रदेश की कमान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को सौंपी गई है। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वहीं, पंजाब में जहां पार्टी अपने आधार को विस्तार देने और संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कोशिश में है, वहां राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सतीश पुनिया को प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी के सबसे मजबूत गढ़ गुजरात की जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद तरुण चुग को दी गई है, जो पहले भी संगठन में कई प्रमुख भूमिकाएं निभा चुके हैं।
नितिन नवीन की टीम में बड़े नाम
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यकाल की इस पहली बड़ी राष्ट्रीय टीम में कई दिग्गजों की संगठन में वापसी हुई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, वहीं पूर्व आरएसएस नेता राम माधव और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि बी.एल. संतोष संगठन महामंत्री के पद पर बने रहेंगे। मीडिया विभाग का प्रभार अनिल बलूनी के पास बरकरार है।
यह भी पढ़ें – भारी बारिश से प्रयागराज के कई इलाकों में जलभराव, जॉर्ज टाउन थाने तक पहुंचा नाले का पानी



Download Android App
Download iOS App



