झारखंड छात्र आंदोलन पर पहली बार बोले राहुल गांधी, ‘हमारा एजुकेशन सिस्टम ढह चुका है’

Summary :

झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया है। इस पर राहुल गांधी और खरगे ने छात्रों का खुलकर समर्थन करते हुए देश की शिक्षा व्यवस्था में तत्काल सुधार और एक्शन की मांग की है।

Rahul Gandhi on Jharkhand Student Protest

Rahul Gandhi on Jharkhand Student Protest : झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। छात्र लगातार सड़कों पर धरना-प्रदर्शन और अनशन कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने इस पूरे मुद्दे पर बड़ा बयान देकर हलचल बढ़ा दी है।

पार्टी के आधिकारिक प्लेटफॉर्म से जारी वीडियो में राहुल गांधी ने साकहा कि देश का पूरा एजुकेशन सिस्टम ही ढह चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्रों की मांग जायज है और सरकारों को उनकी आवाज सुननी होगी।

राहुल गांधी के अनुसार, चाहे झारखंड की अपनी गठबंधन सरकार हो, कांग्रेस की सरकार हो या केंद्र की, सभी को इस मामले में कड़े एक्शन लेने की सख्त जरूरत है।

‘गठबंधन की सरकार हो या विपक्ष, हम छात्रों के साथ हैं’

इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मीडिया से बातचीत में प्रदर्शनकारी छात्रों का खुलकर समर्थन किया।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छात्रों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा। खरगे के मुताबिक, चाहे मामला झारखंड का हो, पंजाब का हो या फिर दिल्ली का, कांग्रेस पूरी तरह से छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर सवाल अपनी ही गठबंधन सरकार से पूछना पड़े, तो भी वे पीछे नहीं हटेंगे और छात्रों के हक की लड़ाई लगातार लड़ते रहेंगे।

‘एजुकेशन सिस्टम पूरी तरह से कोलेप्स’

राहुल गांधी ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे बेहद महंगा और युवाओं को दबाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि वे इलाहाबाद और देहरादून में भी यही बात कह चुके हैं और आगे गुड़गांव में भी युवाओं के बीच इस मुद्दे को उठाएंगे। राहुल ने दोहराया कि जब तक छात्र आंदोलनों के जरिए उठ रही चिंताओं को दूर नहीं किया जाएगा, तब तक व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है।

यह भी पढ़ें – बातचीत को तैयार सरकार, छात्र CM सोरेन पर अड़े; JPSC अभ्यर्थियों का अल्टीमेटम, मीडिया के सामने होगी बातचीत!

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।