Signs of Cheating in Relationship: प्यार में आपको तो नहीं मिल रहा धोखा? पार्टनर की इन 6 हरकतों से पहचानें की रिश्ते में हो गई है किसी तीसरे की एंट्री

Summary :

अगर आपको शक है कि आपका पार्टनर आपसे दूर हो रहा है या किसी और से संबंध बना रहा है, तो उसके व्यवहार में आने वाले बदलावों पर ध्यान देना चाहिए। लेख में धोखे के 6 मुख्य संकेत बताए गए हैं।

Signs of Cheating in Relationship: किसी भी रिश्ते में सबसे जरूरी होता एक दूसरे पर भरोसा होना। जब दोनों में कोई इस भरोसे को टोड़ता है, तो रिश्ता कमजोर होने लगता है और अंत में टूट जाता है। धोखा किसी भी रिश्ते को पूरी तरह से बर्बाद कर सकता है। कई बार चीटिंग की वजह से अच्छा-खासा रिश्ता टूट जाता है। अगर आपको ये लगने लगे कि आपका पार्टनर आपसे दूर हो रहा है या फिर ये शक है कि आपके पार्टनर का किसी और से अफेयर चल रहा है, तो शांत दिमाग से सोचें। दरअसल, जब भी कोई किसी को धोखा देता है, तो सबसे पहले उसके व्यवहार में बदलाव आता है। आपको बस इन्हीं बदलावों पर नजर रखना होगा। यहां पर ऐसे ही कुछ आसान संकेत बताए गए हैं, जो आपको सच जानने में मदद करेंगे।

ये 6 इशारे बताते हैं कि खतरे में है आपका रिश्ता

How to Know That Your Partner is Cheating
How to Know That Your Partner is Cheating (Magnific)

1. छोटी-छोटी बातों पर झूठ बोलना

रिश्ते में बोले गए छोटे-छोटे झूठ भी आगे चलकर बड़ी गलतफहमी बन जाते हैं। अगर आपका पार्टनर आपसे सच छिपाने लगा है या हर छोटी बात पर झूठ बोलने लगा है, तो आपको थोड़ा सतर्क हो जाना चाहिए। ऐसे में इस बात का ध्यान दें कि आपका पार्टनर हमेशा आपसे झूठ बोल रहा है या यह सिर्फ कभी-कभार ही होता है।

2. अचानक बर्ताव का बदल जाना

अगर पार्टनर का व्यवहार अचानक बदल जाए, तो यह धोखे की तरफ एक बड़ा इशारा हो सकता है। जो पार्टनर पहले आपके साथ वक्त गुजारने के मौके ढूंढता था, वही अगर अब दूर रहने के बहाने बनाने लगे या बात-बात पर आप पर गुस्सा करने लगे, तो इस बदलाव को नजरअंदाज बिल्कुल न करें। हो सकता है कि उसकी जिंदगी में कोई और आ गया हो।

3. आपको नजरअंदाज करना

सच्चा प्यार करने वाला इंसान आपकी भावनाओं की हमेशा कद्र करता है। लेकिन अगर उसे अचानक आपकी खुशी या दुख से कोई फर्क पड़ना बंद हो जाए, वह आपकी बातें न सुने और आपकी जरूरतों पर ध्यान न दे, तो समझ जाएं कि रिश्ते में सब कुछ ठीक नहीं है। आप दोनों को इस पर बात करने की जरूरत है।

4. फोन पर ज्यादा समय बिताना

आज के समय में फोन सबकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। लेकिन अगर आपका पार्टनर अचानक फोन को आपसे छुपाने लगे, या बार-बार पासवर्ड बदलने लगे या फिर अचानक सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा वक्त बिताने लगे, तो आपका उस पर शक होना लाजमी है।

5. बार-बार बहाने बनाना

अगर आपका पार्टनर आपसे दूर रहने के लिए या फिर बातों को क्लियर करने के लिए हर समय काम में बिजी होने का बहाना बनाने लगे, तो यह सोचने वाली बात है। हालांकि, हर बार बिजी होने का मतलब धोखा देना ही नहीं होता, इसलिए सही वजह जानने की कोशिश करें।

6. इमोशनल और फिजिकल दूरी बनाना

जब रिश्ते में एक-दूसरे के लिए प्यार, आकर्षण  और बातचीत कम होने लगे, तो यह धोखे का सबसे बड़ा संकेत होता है। रिश्ते में इमोशनल और फिजिकल बॉन्ड का होना बहुत जरूरी है। अगर आपका पार्टनर आपके साथ रहने के बजाय अकेला रहना पसंद करे या आपसे अपने मन की बातें शेयर करना बंद कर दे, तो समझ जाइए कि अब सावधान होने का वक्त आ गया है।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।