Ratlam Expressway Accident: मध्य प्रदेश के रतलाम में मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे में तीन साल की बच्ची और 10 साल का बच्चा भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं और झाबुआ से राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि परिवार के लोग कार से राजस्थान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सड़क के पास एक ट्रक खड़ा था। बताया जा रहा है कि कार चालक ने ट्रक को ओवेरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गई। पलटने के बाद कार सामने खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
3 महिलाओं और एक पुरुष की मौत
दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने हादसा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू के दौरान चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई। वहीं, पांच घायलों को गंभीर हालत में रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है। घायलों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी उम्र तीन और 10 साल बताई जा रही है।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे में एक ही परिवार के कई सदस्य प्रभावित हुए हैं। परिवार झाबुआ से राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार और परिचितों में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने हादसे की वजहों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर कार को ओवरटेक करने के दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल की जानकारी जुटा रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पता लगाया जा रहा है कि सड़क पर ट्रक किस स्थिति में खड़ा था और हादसे के समय वहां की परिस्थितियां कैसी थीं। रतलाम में हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े वाहनों के प्रति सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घायलों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: भोपाल-ब्यावरा हाईवे पर बड़ा हादसा; अनियंत्रित होकर पलटी गुरुकृपा ट्रेवल्स की बस, 27 यात्री घायल



Download Android App
Download iOS App




