उज्जैन के महाकाल परिसर में करंट की अफवाह से मची भगदड़, कई श्रद्धालु घायल

Summary :

उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर के ऊपरी तल पर स्थित श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को दर्शन के दौरान भगदड़ मच गई। यह घटना बैरिकेडिंग के पास लगे बिजली के ट्रांसफार्मर (DP) में करंट फैलने की झूठी अफवाह फैलने के कारण हुई।

उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर के ऊपरी तल पर स्थित श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार के दर्शन के दौरान अफरा-तफरी मच गई। बैरिकेडिंग के पास लगे बिजली के ट्रांसफार्मर (DP) में करंट फैलने की झूठी अफवाह फैलते ही लाइन में खड़े श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे कई भक्त घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

करंट की अफवाह से मची भगदड़

सोमवार को हरसिद्धि मंदिर चौराहे के पास लाइन में लगे श्रद्धालुओं के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। बैरिकेडिंग के पास करंट फैलने की झूठी अफवाह की वजह से लाइन में खड़े लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान भारी भीड़ के दबाव से कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई, कुछ लोग नीचे गिरकर बेहोश हो गए।

चरक अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल

और स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार कुल 13 श्रद्धालु घायल हो गए। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और परिजनों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए सभी घायलों को भीड़ से बाहर निकाला और इलाज के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया। इसमें गुजरात, बिहार और ग्वालियर सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालु शामिल हैं।

मंदिर समिति ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की

हादसे के बाद मंदिर समिति ने इन ख़बरों का खंडन करते हुए श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। समिति के अनुसार, नागपंचमी, सावन सोमवार और भगवान महाकाल की सवारी एक ही दिन होने की वजह से मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी है और अब तक करीब 6.19 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। विभिन्न रास्तों पर लंबी लाइनें होने के बावजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। समिति ने लोगों से आग्रह किया है कि वे सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों को शेयर न करें।

Also Read: केरल में अरुणाचल के इंजीनियरिंग छात्र की मौत, किराए के कमरे में मिला शव, जानें क्या है पूरा मामला?

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।