झारखंड की राजधानी रांची के कचहरी चौक के निकट एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल में आज सुबह बंद फ्लैट में अचानक आग लग गयी जिससे लाखों रूपये की सम्पत्ति जलकर नष्ट हो गयी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 402 से धुआं निकलते देख कर अगल.बगल के फ्लैट में रहने वाले लोग दहशत में आ गये और सभी लोग अपार्टमेंट से बाहर निकल गये। स्थानीय लोगों ने बंद फ्लैट का दरवाजा तोड़ कर किचन में रखे सिलेंडर को बाहर निकाला।
इस दौरान कुछ लोग मामूली रुप से घायल भी हो गये। सूत्रों ने बताया कि फ्लैट के मालिक दुर्गा पूजा के मौके पर सपरिवार कोलकाता गये थे। इस कारण फ्लैट बंद पड़ा था और संभवत: शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग का दस्ता मौके पर पहुंचा और कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।


Download Android App
Download iOS App



