कोलकाता : नोबेल पुरस्कार विजेता अभिजीत बनर्जी की मां निर्मला बनर्जी ने कहा कि हर किसी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है और उनके बेटे के आलोचकों को विरोधी मतों का सम्मान करना चाहिए। किसी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि उनके बेटे के बारे में खराब बातें बोलकर विरोधी अपनी बात साबित नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरे बेटे के खिलाफ दिए गए बयानों पर मैं टिप्पणी नहीं करना चाहती हूं। यह उनका विशेषाधिकार है, यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। लेकिन इस तरह की टिप्पणियों से वे अपनी बात साबित नहीं कर पाएंगे।’’
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने हाल में पुणे में संवाददाताओं से बातचीत में नोबेल पुरस्कार विजेता को ‘‘वामपंथी रूझान’’ वाला व्यक्ति बताया था। उन्होंने यह भी कहा कि बनर्जी की न्यूनतम आय योजना के सुझाव को मतदाताओं ने खारिज कर दिया और ‘‘वह जो सोचते’’ हैं उसे स्वीकार करने की जरूरत नहीं है।
गोयल के विचारों से सहमत होते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने दावा किया कि बनर्जी का आर्थिक सिद्धांत भारत में साबित नहीं हो सका है। निर्मला बनर्जी खुद ही मशहूर अर्थशास्त्री हैं और उन्होंने कहा कि उनकी आलोचना करने वालों को यह महसूस करना चाहिए कि दूसरे लोगों को भी यही अधिकार है।


Download Android App
Download iOS App



