कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ‘भविष्य में साथ आएंगे।’ पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह और राकांपा अध्यक्ष शरद पवार एक ही पेड़ के नीचे (कांग्रेस में ही) बड़े हुए हैं, हालांकि पवार खुलेआम इस पर बात नहीं करते हैँ।
उन्होंने बिना विस्तार दिए हुए कहा, ‘‘ भले ही कांग्रेस और राकांपा दो अलग-अलग पार्टियां हैं लेकिन आज मैं आपको यह कहना चाहूंगा कि भविष्य में हम एक-दूसरे के करीब आएंगे क्योंकि अब वे भी थक गए हैं और हम भी थक गए हैं।’’ शिंदे पश्चिमी महाराष्ट्र में अपने गृह जिले सोलापुर में एक सार्वजनिक सभा में बोल रहे थे।
शिंदे ने खुद के और पवार के बारे में कहा कि वह राकांपा नेता से सिर्फ साढ़े आठ महीने छोटे हैं और एक ही पेड़ के नीचे बड़े हुए हैं और इंदिरा गांधी और यशवंतराव चव्हाण के नेतृत्व में आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए हमारे दिल और उनके दिल में भी अफसोस है, एक ही भावना है… बस इतना फर्क है कि वह (पवार) इसके बारे में बोलते नहीं हैं, लेकिन समय आएगा जब वह इस बारे में बात करेंगे।’’ पवार ने मई 1999 में कांग्रेस छोड़ दी थी और राकांपा की स्थापना की।


Download Android App
Download iOS App



