झारखंड की समाज कल्याण, महिला और बाल विकास मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केन्द्र और राज्य सरकार के किसानों को स्वावलम्बी बनाने के उद्देश्य से शुरू प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि और मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना से किसानों की आय में वृद्धि हाने के साथ उनके आत्मनिर्भर बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
डॉ. मरांडी ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में दावा करते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा शुरू इन योजनाओं के पूर्व देश के अन्नदाता किसान खेती के लिए महाजन या बैंकों के कर्ज पर निर्भर थे। इससे उन्हें फसल की पैदावार का समुचित लाभ नहीं मिल पाता था। विशेषकर झारखंड में संतालपरगना के अदिवासियों के साथ अन्य वर्ग के किसान महाजनों अथवा बैंकों से ऋण लेकर ही खेती का कार्य कर सकते थे।
मंत्री ने कहा कि उम्मीद के अनुरूप पैदावार नहीं होने पर किसान महाजनों के भारी कर्ज अदा करने को विवश थे। किसानों की समस्याओं को देखते हुए केन्द्र और राज्य सरकार ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से इस महात्वाकांक्षी योजना का शुभारम्भ किया है। इससे किसानों की आय में अपेक्षित वृद्धि होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे किसान स्वावलम्बी बन पायेंगे।
डॉ। मरांडी ने बताया कि उप राष्ट्रपति द्वारा पिछले साल शुरू प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना के तहत दुमका जिले के 54202 किसानों के खाते में लगभग 10.84 लाख और मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत 62580 किसानों के खाते में लगभग 22.11 करोड़ रुपये की राशि प्रत्यक्ष नकद अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी किसानों को इस योजना का लाभ मुहैया कराया जायेगा।
मंत्री ने उनकी सरकार द्वारा किसानों की आय वृद्धि करने का प्रयास निरंतर जारी रखे जाने के सवाल पर बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष राज्य के लगभग 35 लाख से अधिक किसानों को लगभग तीन हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी है। इस मौके पर भाजपा की दुमका जिला इकाई के अध्यक्ष निवास मंडल और वरिष्ठ नेता सुरेश मुर्मू, जिला प्रवक्ता अजय कुमार गुप्ता भी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



