तिरुवनंतपुरम : केरल राज्य फिल्म अकादमी ने भीड़ हिंसा पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुला पत्र लिखने वाले अडूर गोपालकृष्णन और 49 अन्य हस्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किये जाने की घटना की निंदा की। अकादमी ने कहा कि यह मुकदमा फिल्म निर्देशकों, सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं को संविधान में मिली अभिव्यक्ति की आजादी का उल्लंघन है।
अकादमी ने शनिवार को यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ अडूर गोपालकृष्णन ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने हमेशा अपनी फिल्मों में मानवीय मूल्यों को प्रदर्शित किया। मानवता विरोधी घटनाओं के प्रति चिंता जताने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करना सभ्य लोकतांत्रिक समाज के लिए भी ठीक नहीं है।’’
अकादमी ने सरकार पर विरोधियों की आवाज को दबाने का भी आरोप लगाया और गोपालकृष्णन के साथ एकजुटता प्रकट की। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री को खुली चिट्ठी लिखने वाले रामचंद्र गुहा, मणिरत्नम, अडूर गोपालकृष्णन और अपर्णा सेन सहित 50 हस्तियों के खिलाफ गुरुवार को बिहार के मुजफ्फरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



