सुपरस्टार शाहरुख खान की मैनेजर पूजा ददलानी को आर्यन खान ड्रग्स मामले में दूसरी बार मुंबई पुलिस ने समन जारी किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूजा ददलानी को दूसरा समन जारी किया गया था जिसमें उन्होंने और समय मांगा था। अब मुंबई पुलिस की ओर से तीसरा समन भी जारी हो सकता है। क्रूज ड्रग्स मामले में रंगदारी को लेकर अब तक 20 लोगों ने अपने बयान दर्ज किए हैं।
जानकारी के मुताबिक इससे पहले सैम डिसूजा सोमवार को मुंबई पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) के सामने पेश हुए। शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने क्रूज जहाज पर छापा मारने और जहाज पर ड्रग्स जब्त करने का दावा करने के बाद पकड़ लिया था। आर्यन खान को बाद में बॉम्बे हाई कोर्ट ने जमानत दे दी थी।
एनसीबी के स्वतंत्र गवाह प्रभाकर सेल ने दावा किया कि उन्होंने के पी गोसावी को एनसीबी द्वारा आर्यन खान को गिरफ्तार किए जाने के बाद फोन पर डिसूजा के साथ 25 करोड़ रुपये के भुगतान सौदे पर चर्चा करते हुए सुना था। मुंबई पुलिस ने बाद में मामले के संबंध में एनसीबी अधिकारियों के खिलाफ जबरन वसूली के आरोपों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को डिसूजा अपने वकील पंकज जाधव के साथ अपना बयान दर्ज कराने के लिए दोपहर करीब 12 बजकर 45 मिनट पर दक्षिण मुंबई में एसआईटी के कार्यालय पहुंचे। एनसीबी की सतर्कता टीम, जो क्रूज ड्रग्स मामले में वसूली के आरोपों की भी जांच कर रही है, पहले ही डिसूजा का बयान दर्ज कर चुकी है।
इससे पहले, डिसूजा ने बॉम्बे हाई कोर्ट के समक्ष दायर अपनी गिरफ्तारी पूर्व जमानत याचिका में दावा किया था कि गोसावी ने आर्यन खान को रिहा कराने के लिए शाहरुख खान की मैनेजर पूजा ददलानी से 50 लाख रुपये लिए थे। आवेदन में कहा गया है कि एनसीबी द्वारा आर्यन खान को इस मामले में 3 अक्टूबर को गिरफ्तार करने के बाद राशि वापस कर दी गई। डिसूजा ने यह भी दावा किया कि गोसावी ने उन्हें बताया था कि आर्यन खान के पास कोई ड्रग्स नहीं मिले थे और वह निर्दोष थे।


Download Android App
Download iOS App



