गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं ने शुक्रवार को गुजराती नव वर्ष के अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। भाजपा के एक नेता ने बताया कि अहमदाबाद के थालतेज इलाके में स्थित शाह के निवास के नजदीक स्नेह-मिलन कार्यक्रम के लिए एक छोटा मंच बनाया गया है।

गुजरात में दीपावली के अगले दिन नव वर्ष मनाया जाता है। गृह मंत्री अमित शाह अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने के लिए तीन नवंबर से ही अहमदाबाद में है। गुजरात सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सुबह शाह के आवास पर गए और केन्द्रीय मंत्री तथा उनके परिवार को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर नये साल की बधाई दी।
अमित शाह से मुलाकात करने वाले अन्य प्रमुख भाजपा नेताओं में अहमदाबाद-पूर्व के सांसद हसमुखभाई पटेल, अहमदाबाद-पश्चिम के सांसद डॉ किरीट सोलंकी, राज्य के मंत्री जगदीश पांचाल, विधायक बाबूभाई पटेल और राज्य के पूर्व मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा भी शामिल थे।


Download Android App
Download iOS App



