देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जहरीली शराब कांड के आरोपी अजय सोनकर की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने पर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। उन्होंने अधिकारियों से कड़े लहजे में कहा कि, इस पूरे मामले में जिस व्यक्ति का नाम आ रहा है, उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। वह आदमी चाहे धरती पर हो, आसमान में हो या पाताल में, उसे हर हाल में पकड़ा जाना चाहिए।
मुंबई से देहरादून लौटते ही मुख्यमंत्री ने पथरियापीर में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में गृह, आबकारी और पुलिस के अधिकारियों को तलब किया। उन्होंने अधिकारियों से घटना और इसके बाद कार्रवाई की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में अगर किसी के संरक्षण की बात पाई जाती है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि शहर के बीचों बीच कुछ चल रहा हो और हमारी एजंसियों को पता न चले, कैसे हो सकता है। घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाए। इसमें जो भी दोषी या जिम्मेदार पाया जाएगा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पूरे प्रदेश में चलाएं अवैध शराब के खिलाफ अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में पुलिस और आबकारी विभाग अवैध शराब की छापेमारी के अभियान चलाए। इसमें जिन लोगों की भी मिलीभगत हो, उन्हें पकड़ा जाए और सख्त से सख्त एक्शन लिया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अगर अवैध शराब का व्यापार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को और सख्त करने के लिए आबकारी एक्ट में संशोधन की जरूरत हो तो उसका प्रस्ताव तैयार करें। कोई शिकायत आती है तो गम्भीरता से लिया जाए।
बैठक में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, डीजी लॉ एंड आर्डर अशोक कुमार, प्रमुख सचिव आनंदबर्द्धन, सचिव नितेश झा, आईजी गढ़वाल रेंज अजय रौतेला, आयुक्त आबकारी सुशील कुमार, जिलाधिकारी देहरादून सी.रविशंकर, एसएसपी अरुण मोहन जोशी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



