कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि गोवा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और आम आदमी पार्टी (आप) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन प्राप्त है, जहां ये दोनों पार्टियां आगामी विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं ताकि धर्मनिरपेक्ष मतों का बंटवारा हो। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के गोवा डेस्क के प्रभारी दिनेश गुंडु राव ने कहा कि उनकी पार्टी समान विचार वाली पार्टियों और उन लोगों से गठबंधन के लिए तैयार है जो धर्मनिरपेक्ष हैं और स्थानीय जुड़ाव रखते हैं।
कांग्रेस की गोवा इकाई के प्रमुख गिरिश चोडनकर और नेता प्रतिपक्ष दिगंबर कामत के साथ पणजी में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राव ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस और आप जैसी पार्टियां राज्य में मतों का विभाजन करने के लिए हैं। उन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त है।’’ उन्होंने आरोप लगाया है कि अगले साल फरवरी में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले ये पार्टियां भ्रष्ट तरीकों में लिप्त हैं।
बता दें कि तृणमूल कांग्रेस ने हाल में घोषणा की थी कि उसकी योजना गोवा विधानसभा चुनाव में सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ने की है जबकि आप ने वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ा था और वह भी मैदान में उतरने की घोषणा कर चुकी है। राव ने कहा कि कांग्रेस के मतों को विभाजित करने की परिपाटी केवल गोवा में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में पाई गई है।
कांग्रेस नेता ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘पार्टी समान विचारधारा और धर्मनिरपेक्ष पार्टियों और स्थानीय जुड़ाव वाले लोगों के साथ गठबंधन के लिए दरवाजे खुले रखे हुए है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘उचित और स्थायी गठबंधन’ तलाश रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2017 में हुए विधानसभा में कांग्रेस 40 सदस्यीय विधानसभा में 17 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। लेकिन 13 सीटों पर जीत दर्ज करने वाली भाजपा कुछ क्षेत्रीय दलों के समर्थन से सत्ता में आ गई।


Download Android App
Download iOS App



