गोवा विधानसभा चुनावों पर अमित शाह का दावा, बोले- पूर्ण बहुमत से सत्ता में लौटेगी BJP, डबल इंजन की होगी सरकार

Summary :

2022 में 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की लिस्ट में गोवा भी शामिल है, इसी कड़ी में सभी पार्टियां तैयारियों में लगी हुई हैं।

2022 में 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की लिस्ट में गोवा भी शामिल है, इसी कड़ी में सभी पार्टियां तैयारियों में लगी हुई हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को यानी कल आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली स्थित अपने वॉर रूम में मंथन किया था। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने की थी। अब गुरुवार को गोवा पहुंचे अमित शाह ने भरोसा जताया कि गोवा में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। बता दें कि गोवा में अभी भाजपा की ही सरकार है और अमित शाह ने भरोसा जताया है कि अगले साल राज्य में भाजपा की फिर वापसी होगी। 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि गोवा में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में भाजपा की सरकार की वजह से यह डबल इंजन सरकार होगी। अमित शाह ने कहा, पिछले दस वर्षो में भाजपा सरकार गोवा को विकास के रास्ते पर ले गई है। कल मुझे एक पत्रकार का फोन आया। मैंने उनसे कहा कि एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार सत्ता में आ रही है। शाह ने यह बयान दक्षिण गोवा में एक राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) परिसर के शिलान्यास समारोह में दिया। 
अमित शाह ने यह भी कहा कि एक क्षेत्र के विकास के लिए, 20-25 वर्षो के निरंतर गैर-भ्रष्टाचार और एक दूरदर्शी शासन की आवश्यकता है। उन्होंने गोवा में लोगों से राज्य में भाजपा सरकार की वापसी का समर्थन करने का आग्रह किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, यदि आपके पास पांच साल का विकासोन्मुख शासन है और फिर आगे पांच साल भ्रष्टाचार से ग्रस्त सरकार है तो विकास आगे नहीं बढ़ता है। .. आपको 20-25 साल के निरंतर सुशासन की आवश्यकता है, तब आप बदलाव देख सकते हैं। शीर्ष पर मोदी हैं, लेकिन यहां आपको भाजपा सरकार की वापसी के लिए वोट करना होगा। गोवा को एक आदर्श राज्य बनाने के लिए यह डबल इंजन वाली सरकार लानी होगी।

Desk Team