जीतू पटवारी ने कहा – केंद्र से राहत दिलवाएं शिवराज, नहीं तो उनके घर के सामने दूंगा धरना

Summary :

मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने आज कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राज्य में आई बाढ़ पर केंद्र सरकार से मुआवजा दिलाने में मदद करें, नहीं तो वे स्वयं उनके घर के सामने धरना देंगे और उनके खिलाफ पदयात्रा करेंगे।

मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने आज कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राज्य में आई बाढ़ पर केंद्र सरकार से मुआवजा दिलाने में मदद करें, नहीं तो वे स्वयं उनके घर के सामने धरना देंगे और उनके खिलाफ पदयात्रा करेंगे। 
पटवारी ने आज यहां चर्चा के दौरान चौहान पर जम कर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों में बाढ़ के दौरान शिवराज सिंह का कार्य-व्यवहार और उनकी राजनीति का तरीका जिस प्रकार का रहा है, उससे उन्होंने एक पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर लगातार मध्यप्रदेश की गरिमा को गिराया है। 
उन्होंने कहा कि चौहान ने मनमोहन सिंह सरकार के समय कई मौकों पर राज्य के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए केंद्र, सरकार के खिलाफ धरना दिया। वर्ष 2011 में अतिवर्षा के कारण केंद्र ने राज्य की मांग से कम मुआवजा दिया, तो  चौहान मंत्रीमंडल के साथ उपवास पर बैठ गए। 
ऐसा व्यवहार करते हुए उन्होंने संघ की व्यवस्था को भी आघात पहुंचाया। उन्होंने कहा कि  चौहान इस वर्ष राज्य में हुई अतिवर्षा के कारण हुए नुकसान पर राहत राशि के तौर पर 12 हजार करोड़ रुपए की सहायता मोदी सरकार से दिलाने में मदद करें। 
उन्होंने कहा कि अगर चौहान चाहें तो वे स्वयं भी उनके साथ चलने के लिए तैयार हैं, लेकिन अगर  शिवराज सिंह ने ऐसा नहीं किया तो वे स्वयं उनके खिलाफ पदयात्रा करेंगे और उनके घर के सामने धरना देंगे। चौहान पिछले कई दिनों से राज्य के बाढ़ प्रभावित हिस्सों के दौरे कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने न केवल भजन गाए, बल्कि प्रभावितों के बीच मंजीरे भी बजाते हुए दावा किया कि वे सरकार का ध्यान बाढ़ पीड़तिं की ओर दिलाने के लिए ये सब कर रहे हैं।

Desk Team