दुमका, (झारखंड), (भाषा): दुमका जिले में दो बच्चे रहस्यमय परिस्थितियों में एक कुआं में मृत पाए गए जबकि उनकी मां अपने घर में अचेत पायी गयीं और उनकी चोटी कटी हुई थी। पुलिस उपाधीक्षक (ग्रामीण) रोशन गुडिय़ा ने कहा कि महिला का आठ वर्षीय बेटा स्कूल के बाद घर आया और अपने सात महीने के जुड़वां भाइयों को नहीं देखने पर अचेत मां को उठाने लगा। मां जब नहीं उठी तो उसने अपने दादा बनमाली साह को घटना की जानकारी दी।
घटना के बारे में तुरंत पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने उनके खेत में एक कुए में जुड़वां बच्चों के शव पाए और अचेत महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की शाम में चेतना लौटी। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने खोजी कुत्तों की भी मदद ली लेकिन कुछ हासिल नहीं हो पाया।
आगे जांच की जा रही है। पीडि़त महिला के पति प्रणय साह जमशेदपुर में एक स्कूल में शिक्षक हैं। पुलिस उपाधीक्षक ने इस संभावना से इंकार नहीं किया है कि बदमाशों ने देश के अन्य हिस्से में चोटी काटने की घटनाओं का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि महिला की कटी हुई चोटी नहीं मिल सकी।


Download Android App
Download iOS App



