मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य में जोर-शोर से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता से लेकर सरकारी अधिकारी तक की इसमें भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। वे जमशेदपुर के परिसदन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सभी की जिम्मेवारी है और जरुरत है कि इस कार्य में सभी अपनी भूमिका का निर्वहन करे। खास कर प्रशासनिक अधिकारी साथ ही मीडिया कर्मी भी इसमें सहयोग करे। उन्होंने सभी व्यापारियों को अपने दुकानों के पास डस्टबिन लगाने एवं दुकान के सभी कचड़े को डस्टबिन में डालने के निर्देश दिये।
इसके साथ ही उन्होंने कंपनी से उत्पन्न कचड़े का उपयोग खाद बनाने के लिये करने के निर्देश दिये। उन्होंने ने कहा कि खुले में शौच करने वालों के पास शौचालय की व्यवस्था नहीं हो पाई है तो जल्द से जल्द सरकार से सहयोग लेकर बना लें । मुख्यमंत्री ने सभी जन प्रतिनिधियों को उनके क्षेत्रों में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों के लिये सोलर लाइट की व्यवस्था करने तथा शहर में बिजली की खपत कम करने के लिये सभी घरों में तथा स्ट्रीट लाइट के लिये एलईडी बल्ब लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निदेश दिया है की जिले में गरीब बच्चों को चिन्हित कर उनकी शिक्षा पर जोर दिया जाये।
श्री दास ने कहा कि भवन निर्माण से जुड़े निबंधित श्रमिकों की पेंशन राशि 750 रुपये से बढ़कर 1000 रुपये की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भवन निर्माण से जुड़े निबंधित 6.5 लाख मजदूरों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ें, ताकि वे अपने परिवार को बीपीएल की श्रेणी से बाहर ला सकें। गरीबी मिटाने के लिए शिक्षा जरूरी है। गरीबी को मिटाने के लिए शिक्षा संजीवनी है। बच्चों को चिह्नित कर बेहतर से बेहतर सरकारी या निजी स्कूलों में इनका नामांकन करायें।
इसी प्रकार बड़े बच्चों को कौशल विकास व उच्च शिक्षा से जोड़ें। इनकी पढ़ाई का शुल्क सरकार वहन करेगी। इन्हें यूनिफार्म और किताबें भी सरकार ही मुहैया करायेगी। इसके लिए श्रमिक मित्रों की सहायता ली जा सकती है। मुख्यमंत्री ने आगामी 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दौड़ के संदर्भ में स्थल का निरीक्षण भी किया और उपायुक्त एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारीगणों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।


Download Android App
Download iOS App



