झारखंड: अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 9 लोगों की मौत

Summary :

NULL

जमशेदपुर : झारखंड में पटाखे की एक अवैध फैक्ट्री में आग लगने से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि जमशेदपुर के सुदूरवर्ती गांव कुमारडुबी में एक घर में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। यह अवैध फैक्ट्री पिछले कई सालों से चल रही थी। अचानक पटाखों में आग लग गई। जिसके बाद हुए जोरदार धमाके में घर की दीवार भी ढह गई. मरने वालों में छह महीने की एक बच्ची भी शामिल है। काफी देर तक धमाकों की गूंज आती रही। हादसे की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रभात कुमार ने बताया कि कुमारधुबी गांव के एक घर में आग लगने से आठ लोगों की मौत हुई है। घाटशिला के अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) अरविंद कुमार लाल ने जानकारी देते हुए कहा कि आग के कारण घर की एक दीवार गिर गई और कुछ लोगों के उसके नीचे दबे होने की आशंका है।

एसडीओ ने बताया कि कम से कम चार लोग अब भी मलबे में फंसे हैं और आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि पटाखे रुक-रुककर अब भी फट रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लाल ने बताया कि एक पीड़िता की पहचान पार्वती शंकर के तौर पर हुई है, जो घर के मालिक की मां थी।

मौके पर पहुंचे उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये व गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजे की घोषणा की गई है। घायलों का इलाज जिला प्रशासन करा रहा है।

उधर, पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में भी एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की खबर है। वहां हुए हादसे में 20 लोगों के घायल होने की खबर है।

Desk Team