उत्तराखंड विधानसभा चुनाव नतीजों को लेकर आए एग्जिट पोल के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश में दोबारा सरकार बनाने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रही है। भाजपा का यह दावा है कि वो पूर्ण बहुमत के साथ एक बार फिर से प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यह दावा कर रहे हैं कि प्रदेश के मतदाताओं ने राज्य में भाजपा द्वारा किए गए कार्यों का प्रमाणपत्र चुनाव में दिया है और वो बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं।
नतीजे आने से पहले ही BJP ने की सरकार बनाने की तैयारी
हालांकि चुनावी नतीजे आने से पहले ही भाजपा ने राज्य में सरकार बनाने को लेकर एक साथ कई स्तरों पर तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी आलाकमान ने उत्तराखंड की राजनीति को गहराई से समझने वाले राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को देहरादून में रहकर तमाम हालातों पर नजर रखने को कहा है। 6 मार्च को ही देहरादून पहुंच कर कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बैठक की। 7 मार्च को भाजपा ने अपने तमाम दिग्गज नेताओं को देहरादून में उतार दिया।
पार्टी के कई बड़े नेता हुए सक्रिय
7 मार्च को केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड के प्रभारी दुष्यंत गौतम, कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश संगठन मंत्री, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, विधानसभा उम्मीदवारों और विधानसभा प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शामिल भाजपा के एक दिग्गज नेता ने बताया कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त है।
लगातार जारी हैं आंतरिक बैठकों का दौर
बैठकों को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बैठकें पार्टी की आंतरिक बैठकें होती हैं, जिसमें कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया जाता है। मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी हर तरह की परिस्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार है और इसलिए उसने अपने दिग्गज नेताओं को देहरादून में उतार दिया है क्योंकि सरकार बनाने को लेकर पार्टी किसी तरह का कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है। 10 मार्च को मतगणना होनी है।


Download Android App
Download iOS App



