हैदराबाद:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अपने तेलंगाना दौरे के अंतिम दिन आज नालगोंडा जिले के गुद्रमपल्ली गांव के निवासियों से मिले और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। श्री शाह ने आज अपनी यात्रा की शुरूआत गुंद्रमपल्ली गांव से की और लोगों के घर-घर जाकर उनसे मुलाकात की तथा उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी उनके सुख-दु:ख में हमेशा साथ खड़ी रहेगी।
श्री शाह ने राजाकार के हमलों के पीड़ितो के परिजनों से भी मुलाकात की। राजाकार एक निजी लड़ाके थे जिन्होंने तत्कालीन हैदराबाद राज्य के अंतिम शासक मीर उस्मान अली को समर्थन दिया था। उन्होंने भोंगीर में इंदिरानगर के ग्रामीणों के साथ दिन का भोजन करेंगे और जमीनी स्तर पर भाजपा की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए बस्ती स्तर के कार्यकर्ता के साथ बैठक करेंगे। श्री शाह ने आशा व्यक्त की है कि भाजपा सत्तारुढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के मजबूत विकल्प के तौर पर राज्य में उभर रही है।
भाजपा अध्यक्ष शाम को शहर लौट आयेंगे और हैदराबाद पार्लियामेंट पोलिंग बूथ कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक में हिस्सा लेंगे जिसमें केंद्रीय मंत्री एम.वेंकैया नायडू, हंसराज गंगा राम अहीर और बंडारु दत्तात्रेय सहित पार्टी के कई नेता शामिल होंगे।
वार्ता


Download Android App
Download iOS App




