झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य में निवेश करने वाले निवेशकों के समाधान के लिए एक सेल का गठन किया जायेगा ताकि किसी को कोई भी परेशानी न हो। श्री दास ने आज यहां इज ऑफ डूइंग बिजनेस को लेकर उच्चस्तरीय बैठक करते हुए कहा कि निवेश के प्रस्ताव अटकने से राज्य की छवि खराब होती है। सरकार गरीब के दिए हुए टैक्स से ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वेतन दे रही है, इसलिए अधिकारी उस गरीब को मेहनताना चुकाएं।
अपने संसाधन का पूरा इस्तेताल करें और राज्य का विकास करे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘झारखंड इज ऑफ डूइंग बिजनेस में तेजी से आगे बढ़ रहा है।हमें नंबर एक राज्य बनाना है, इसलिए सभी अपनी-अपनी जिम्मेवारी ईमानदारी से निभाएं। इज ऑफ डूइंग बिजनेस में भारत की लंबी छलांग बेहद खुशी की बात है। पिछले 3 साल में राजनीतिक स्थिरता के चलते हम टॉप.10 में पहुंचे है।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि इज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए रिजेक्शन्स कम से कम करें। यदि किसी को जानकारी का अभाव है तो उसे जानकारी देने के साथ ही तत्काल किसी आवेदन को रद्द नहीं करें।
बैठक में मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, विकास आयुक्त अमित खरे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार समेत अन्य वरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव और सचिव उपस्थित थे। युवा शक्ति ही देशकी असली शक्ति : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि युवा शक्ति ही देश की असली शक्ति है। आज हमारे देश की आबादी में युवाओं की संख्या 65 प्रतिशत है। युवाओं की चिंता किसी ने नहीं की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार कौशल विकास मंत्रालय की शुरुआत की, जिसमें युवाओं के हाथ में हुनर दिया जा रहा। इससे युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ा जा सकेगा।
इससे युवा धन राष्ट्र धन बन रहा है। झारखंड में भी 20 लाख युवाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में काम चल रहा है। मुख्यमंत्री आज हरमू मैदान में युवाओं के महा सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज सोच में बदलाव की जरूरत है। दुनिया तेजी से बदल रही है। खुद को और समाज को नहीं बदले तो हम पीछे छूट जायेंगे।
समाज ने हमें योग्य बनाया है, अब हमारी बारी है कि हम समाज को लौटायें। तन-मन-धन से समाज की सेवा करें। इससे अच्छा समाज बनेगा और देश भी आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम में विधायक सह वन विकास निगम के अध्यक्ष आलोक चैरसिया, बिहार विधान सभा के विधायक संजीव चैरसिया, पूर्व विधायक रामेश्वर चैरसिया, चैरसिया युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय प्रकाश समेत बड़ी संख्या में गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।