पटना में जाप के राजभवन मार्च के दौरान हंगामा, पुलिस से झड़प

Summary :

ऐसी सरकार को एक मिनट भी सत्ता में रहने का हक नहीं है। गुरुवार को पटना के एक बड़े व्यवसायी की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। 

बिहार में ‘बिगड़ती कानून-व्यवस्था’ और किसानों के मुद्दों को लेकर सांसद पप्पू यादव के नेतृत्व में जन अधिकार पार्टी (जाप) के कार्यकर्ताओं की राजभवन मार्च के दौरान पुलिस से झड़प हो गई। पुलिस को कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा तथा आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पुलिस को कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए लाठी भी भांजनी पड़ी। इस दौरान जाप कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थर भी फेंके। इस झड़प में दोनों ओर से कई लोगों के घायल होने की खबर है।

 पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गर्दनीबाग धरनास्थल से राजभवन के लिए यात्रा प्रारंभ की। कुछ ही दूरी के बाद पुलिस ने बैरेकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस से झड़प प्रारंभ हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जाप कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थबाजी प्रारंभ कर दी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार छोड़ी तथा आंसू गैस के गोले छोड़े।

जाप कार्यकर्ताओं द्वारा की गई पत्थरबाजी में एक पुलिस अधिकारी सहित कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। इस बीच पुलिस द्वारा भी बल प्रयोग किया गया जिसमें जाप के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में दिनदहाड़े व्यवसायियों की हत्या कर दी जा रही है। विधायक रंगदारी मांगने का आरोपी है। ऐसी सरकार को एक मिनट भी सत्ता में रहने का हक नहीं है। गुरुवार को पटना के एक बड़े व्यवसायी की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Desk Team