आस्ट्रेलिया की सरकार ने जापान से व्यावसायिक उद्देश्यों से ह्वेल का शिकार शुरू करने की योजना पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया है। समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ के अनुसार, गुरुवार को रिपोर्ट आई थी कि जापान, इंटरनेशनल ह्वेलिंग कमीशन (आईडब्ल्यूसी) से बाहर आने की तैयारी कर रहा है, ताकि वह ह्वेल का शिकार शुरू कर सके। इस रिपोर्ट पर आस्ट्रेलिया की पर्यावरण मंत्री मेलिसा प्राइस ने कहा कि उनकी सरकार चाहती है कि जापान आईडब्ल्यूसी का हिस्सा बना रहे, हालांकि यह फैसला जापान का निजी मामला है।
प्राइस ने कहा, ‘आस्ट्रेलिया आईडब्ल्यूसी में बने रहने के लिए प्रतिबद्ध है और ह्वेल के संरक्षण और प्रबंधन के लिए जिम्मेदार अंतराष्ट्रीय संगठन की अहम भूमिका को स्वीकार करता है।’ उन्होंने कहा, ‘हम आईडब्ल्यूसी के माध्यम से ह्वेल का संरक्षण करते रहेंगे और व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए ह्वेल के शिकार का विरोध करते रहेंगे।’ आईडब्ल्यूसी ने सितंबर में व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए ह्वेल का शिकार करने की जापान की मांग को अस्वीकार कर दिया था। जापान अनुसंधान कार्यो के लिए ह्वेल का शिकार लगातार कर रहा है। उसकी दलील है कि ह्वेल की वैश्विक आबादी इतनी हो गई है कि ह्वेल के व्यावसायिक शिकार से प्रतिबंध हटाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



