फ्लाईदुबई विमान पर नाकाम आतंकी हमले के एक महीने बाद इजरायल ने एयरलाइंस के लिए सख्त किए सुरक्षा नियम

Summary :

यरुशलम, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। फ्लाईदुबई के एक विमान पर कथित आतंकी हमले की कोशिश नाकाम होने के करीब एक महीने बाद इजरायल ने विमानन सुरक्षा को लेकर नए और सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए नियमों के तहत विदेशी और घरेलू एयरलाइंस को उड़ान रवाना होने से 48 घंटे पहले चालक दल (क्रू) के सदस्यों की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निर्देश पर सुरक्षा समीक्षा के बाद ये कदम उठाए गए हैं। इनका उद्देश्य यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की पृष्ठभूमि की जांच के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराना है। ‘द…

यरुशलम, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। फ्लाईदुबई के एक विमान पर कथित आतंकी हमले की कोशिश नाकाम होने के करीब एक महीने बाद इजरायल ने विमानन सुरक्षा को लेकर नए और सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए नियमों के तहत विदेशी और घरेलू एयरलाइंस को उड़ान रवाना होने से 48 घंटे पहले चालक दल (क्रू) के सदस्यों की जानकारी उपलब्ध करानी होगी।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निर्देश पर सुरक्षा समीक्षा के बाद ये कदम उठाए गए हैं। इनका उद्देश्य यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की पृष्ठभूमि की जांच के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराना है।

‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरलाइंस को चालक दल की जानकारी में होने वाले किसी भी बदलाव की सूचना उड़ान से कम से कम दो घंटे पहले देनी होगी। इसके बाद विमान के उड़ान भरने के समय चालक दल की अंतिम सूची भी जमा करनी होगी।

इजरायल के टैक्स अथॉरिटी के अधीन नेशनल सेंटर फॉर पैसेंजर डेटा एनालिसिस की ओर से जारी ये निर्देश इजरायल आने और वहां से रवाना होने वाली सभी घरेलू और विदेशी एयरलाइंस की उड़ानों पर लागू होंगे।

चैनल 13 न्यूज के हवाले से ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ ने बताया कि इजरायल आने-जाने वाले सभी गैर-इजरायली नागरिकों, जिनमें पायलट, केबिन क्रू और यात्री शामिल हैं, को देश में प्रवेश से 48 घंटे पहले ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। इस फॉर्म में दी गई जानकारी की जांच जनसंख्या प्राधिकरण करेगा।

इसके अलावा, इजरायली खुफिया एजेंसियों मोसाद और शिन बेट ने कुछ देशों को ‘रेड’ श्रेणी में रखा है। इन देशों से आने वाले संभावित यात्रियों के प्रवेश फॉर्म और वीजा आवेदनों की विशेष जांच की जाएगी।

रिपोर्ट के अनुसार, शिन बेट पहले इजरायली एयरलाइंस की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करता था और इजरायल से रवाना होने वाली सभी उड़ानों को सुरक्षा कवच उपलब्ध कराता था। अब यह एजेंसी इजरायल आने वाली विदेशी एयरलाइंस और उनके विदेशी प्रस्थान स्थलों पर भी सुरक्षा प्रक्रियाओं की जिम्मेदारी संभालेगी।

दरअसल, यह फैसला 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हुई घटना के बाद लिया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान के ओमानी सह-पायलट हमाम अल हमामी ने उड़ान के दौरान भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर क्रैश एक्स से हमला किया था। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अभियोजकों ने इस घटना को आतंकी हमला बताया था।

इस दौरान गंभीर रूप से घायल कैप्टन स्मित मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद चालक दल के सदस्यों और यात्रियों ने हस्तक्षेप कर सह-पायलट को काबू करने में मदद की। इससे विमान में संभावित बड़े हादसे को टालने में मदद मिली।

इस सप्ताह की शुरुआत में यूएई ने इस घटना के दौरान साहस और पेशेवर क्षमता दिखाने के लिए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर और फ्लाईदुबई के चालक दल को सम्मानित किया था।

यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने घटना में शामिल चालक दल के सदस्यों को ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II’ से सम्मानित किया। यह सम्मान आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और विमान को सुरक्षित रखने के लिए उनके साहसिक प्रयासों के सम्मान में दिया गया। कैप्टन मच्छर की बहादुरी की भारत, यूएई, इजरायल और अमेरिका के नेताओं ने भी सराहना की है।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.