फ्लोरिडा लियरजेट क्रैश: विमान में सवार सभी नौ की मौत (लीड 1)

Summary :

वेस्ट पाम बीच (फ्लोरिडा), 2 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने ‘लियरजेट 60’ बिजनेस जेट में सवार सभी नौ लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। इस हादसे के कारण सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बन गया और अधिकारियों को सैकड़ों स्थानीय निवासियों के लिए आश्रय की व्यवस्था करनी पड़ी। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन यानी अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के अनुसार, विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 12:50 बजे क्रेस्टहेवन के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर बहामास के नॉर्थ एलेउथेरा एयरपोर्ट जा रहा था। डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म…

वेस्ट पाम बीच (फ्लोरिडा), 2 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने ‘लियरजेट 60’ बिजनेस जेट में सवार सभी नौ लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। इस हादसे के कारण सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बन गया और अधिकारियों को सैकड़ों स्थानीय निवासियों के लिए आश्रय की व्यवस्था करनी पड़ी।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन यानी अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के अनुसार, विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 12:50 बजे क्रेस्टहेवन के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर बहामास के नॉर्थ एलेउथेरा एयरपोर्ट जा रहा था।

डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई है।” उन्होंने इस दुर्घटना को एक “भयानक त्रासदी” बताया और कहा कि एफएए, नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) की मदद के लिए अपने अधिकारी भेज रहा है, जो इस जांच का नेतृत्व करेगा।

डफी ने लोगों से पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना व्यक्त की और कहा कि दोनों संघीय एजेंसियां ​​स्थिति पर नजर रख रही हैं।

एफएए की शुरुआती जानकारी में पुष्टि की गई थी कि विमान में नौ लोग सवार थे, लेकिन उनकी स्थिति के बारे में कुछ नहीं बताया गया। बाद में डफी के बयान से स्पष्ट हो गया कि कोई भी जीवित नहीं बचा है।

रविवार शाम तक, अधिकारियों ने मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की थी, यह भी नहीं बताया कि उनमें कितने यात्री और कितने क्रू सदस्य थे, और न ही दुर्घटना के किसी निश्चित कारण का खुलासा किया।

लियरजेट विमान, क्रेस्टहेवन बुलेवार्ड और 10वें एवेन्यू नॉर्थ के बीच, मिलिट्री ट्रेल के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। स्थानीय टेलीविजन कवरेज की तस्वीरों में सड़क और उसके पास के रिहायशी इलाके में भीषण आग, घना धुआं और मलबा बिखरा हुआ दिखाई दिया।

फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने घटनास्थल का दौरा किया और इस हादसे को “भीषण” बताया।

डेसेंटिस ने पत्रकारों से कहा, “ऐसा लग रहा था जैसे कोई मिसाइल नीचे गिरी हो। इसने सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बना दिया है।”

गवर्नर ने बताया कि उनकी ब्रीफिंग के समय तक, जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति के मारे जाने या घायल होने की कोई खबर नहीं मिली थी। उन्होंने बताया कि मलबा काफी बड़े इलाके में फैल गया है और उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए आपातकालीन कर्मियों को धन्यवाद दिया।

पाम बीच काउंटी के अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना स्थल के पास रहने वाले लगभग 600 लोगों को अस्थायी आवास की आवश्यकता पड़ सकती है, क्योंकि जांचकर्ता और आपातकालीन दल उस इलाके में काम कर रहे हैं।

काउंटी कमिश्नर जोएल फ्लोरेस ने बताया कि दो आश्रय स्थल (शेल्टर) तैयार रखे गए हैं। निवासियों को वहां से ले जाने के लिए काउंटी के वाहनों को तैयार किया जा रहा है, और अमेरिकन रेड क्रॉस भी मदद के लिए उपलब्ध है। अधिकारियों ने बताया कि यह इलाका रविवार के बाद भी बंद रह सकता है।

एनटीएसबी ने कहा कि वह फ्लोरिडा में एक जांच टीम भेज रहा है, जिसके सदस्य रविवार और सोमवार तक पहुंच सकते हैं। बोर्ड ने सोमवार को वेस्ट पाम बीच में एक मीडिया ब्रीफिंग करने की भी घोषणा की है। सीएनएन ने हवाई यातायात नियंत्रण रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए बताया कि विमान के तीव्र गति से नीचे उतरने से कुछ ही समय पहले पायलटों ने बर्फ जमने और बारिश का जिक्र किया था। जांचकर्ताओं ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि क्या इन परिस्थितियों की वजह से हादसा हुआ?

लियरजेट 60 बॉम्बार्डियर द्वारा निर्मित दो इंजन वाला व्यावसायिक विमान है। स्थानीय मीडिया ने विमानन रिकॉर्ड के हवाले से बताया कि, दुर्घटनाग्रस्त विमान का पंजीकरण नंबर एन722बीडी था। इसके पंजीकृत स्वामित्व से यह स्पष्ट नहीं होता कि उड़ान का संचालन कौन कर रहा था।

एनटीएसबी अमेरिकी नागरिक विमानन दुर्घटनाओं की जांच करके उनके संभावित कारणों का पता लगाता है और सुरक्षा उपायों की सिफारिश करता है। इसकी प्रारंभिक रिपोर्टों में तथ्यात्मक निष्कर्ष होते हैं, जबकि अंतिम निर्णय मलबे, उड़ान रिकॉर्ड, मौसम संबंधी जानकारी और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद लिया जाता है।

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.