लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर पर होने वाली रन फॉर यूनिटी में ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल हों। आम लोगों की भागीदारी से राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन को भव्य बनाना है। सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोया था। उनकी सोच के अनुरूप सभी नागरिक एक जगह एकत्र होकर राष्ट्र को एकता का संदेश देंगे। इससे हमारी नयी पीढ़ी को उनके कार्य व विचार से अवगत कराया जा सकेगा। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहीं।
वे झारखंड मंत्रालय में वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सैनिक मार्केट प्रांगण में सभी सुबह जमा होंगे। यहां से अलबर्ट एक्का चौक तक लोग दौड़ लगायेंगे। अलबर्ट एक्का चौक पर यह कार्यक्रम समाप्त होगा। इसमें इंटर स्तरीय एवं कॉलेज के बच्चे भी शामिल होंगे। उन्हें एक जैसी टी शर्ट दी जायेगी।
मुख्यमंत्री ने अपील किया कि राज्य के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, सरकारी अधिकारी कर्मी तथा समाज के विभिन्न वर्गों के सभी लोग अपने-अपने परिजनों के साथ सम्मिलित होकर राष्ट्रीय एकता के प्रति जन-जन की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करें। बैठक में मुख्य सचिव श्रीमती राजबाला वर्मा, अपर मुख्य सचिव अमित खरे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



