कांग्रेस की महाराष्ट्र ईकाई के अध्यक्ष नाना पटोले और राज्य के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेन्द्र फडणवीस से गुरुवार को भेंट की और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी से अनुरोध किया कि वह अपनी उम्मीदवारी वापस ले ले ताकि राज्यसभा की सीट पर अगले महीने होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो सकें। राज्यसभा में कांग्रेस के सदस्य राजीव सातव की मृत्यु के कारण यह उपचुनाव हो रहा है।
महाराष्ट्र में शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के साथ गठबंधन की सरकार में शामिल कांग्रेस ने रजनी पाटिल को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं भाजपा ने संजय उपाध्याय को अपना प्रत्याशी बनाया है। राज्यसभा की इस सीट के लिए उपचुनाव चार अक्टूबर को होने वाला है। कांग्रेस के एक सूत्र ने बताया, ‘‘थोराट और पटोले ने फडणवीस से भेंट की ताकि वे भाजपा को अपना प्रत्याशी वापस लेने के लिए मना सकें और कांग्रेस उम्मीदवार को निर्विरोध जीत मिल सके।’’
नामांकन पत्रों की छंटनी गुरुवार को होनी है और नाम 27 सितंबर तक वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता होने पर चार अक्टूबर को मतदान और उसके तुरंत बाद वोटों की गिनती होगी। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास सबसे ज्यादा 106 विधायक हैं।
शिवसेना के पास 56, राकांपा के 53, कांग्रेस के 43, बहुजन विकास आघाडी के तीन, समाजवादी पार्टी के दो, एआईएमआईएम के दो, प्रहार जनशक्ति पार्टी के दो, मनसे का एक, भाकपा का एक, स्वाभिमानी पार्टी का एक, राष्ट्रीय समाज पक्ष का एक, क्रांतिकारी सेतकारी पार्टी का एक, पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी का एक, जनसुराज्य शक्ति पार्टी का एक और 13 निर्दलीय विधायक हैं। वहीं अप्रैल, 2021 में कांग्रेस विधायक रावसाहेब अंतापुरकर की मृत्यु के कारण एक सीट खाली है।


Download Android App
Download iOS App



