पश्चिम बंगाल में हुए निकाय चुनाव को BJP ने बताया ‘लोकतंत्र की हत्या’, बंद का दिखा मिलाजुला असर

Summary :

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में नगर निगम चुनाव के दौरान हुई हिंसा के विरोध में सोमवार को राज्य में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में नगर निगम चुनाव के दौरान हुई हिंसा के विरोध में सोमवार को राज्य में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। पश्चिम बंगाल में रविवार को 107 नगरपालिकाओं के लिए हुए चुनाव में हिंसा और अनियमितता के मामले सामने आये थे। बंद के दौरान सुबह राज्य में वाहनों की आवाजाही सामान्य रही और दक्षिण बंगाल में अधिकतर व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुले रहे, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुछ क्षेत्रों में रेलवे पटरियों और सड़कों को अवरुद्ध कर दिया।
BJP कार्यकर्ताओं ने रेलवे पटरियों और सड़कों को किया अवरुद्ध 
भाजपा कार्यकर्ता हुगली स्टेशन पर रेलवे की पटरियों पर बैठ गए और पूर्व मेदिनीपुर जिले में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के नंदीग्राम निर्वाचन क्षेत्र में सड़कों को जाम किया। भगवा पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने सरकारी बसों को रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। उत्तरी बंगाल में बंद के आह्वान को अच्छी प्रतिक्रिया मिली..जहां अधिकतर दुकानें बंद रहीं और सड़कों से वाहन नदारद रहे। सरकारी बसें सड़क पर नजर आईं, लेकिन में यात्रियों की संख्या बेहद कम रही। निजी व्यावसायिक वाहनों के सड़कों से नदारद रहने से कार्यालय जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चुनाव में हुई हिंसा को BJP ने बताया लोकतंत्र की हत्या
भाजपा ने पिछले साल के विधानसभा चुनाव में उत्तरी बंगाल में अच्छा प्रदर्शन किया था। भाजपा ने पश्चिम बंगाल में नगर निगम चुनाव के दौरान हुई व्यापक हिंसा के विरोध में सोमवार को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक बंद का आह्वान किया है। पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख ने इस हिंसा को ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ करार दिया था। पुलिस ने दावा किया है कि चुनाव के दौरान कोई बड़ी हिंसा नहीं हुई थी, केवल ‘‘कुछ छिटपुट घटनाएं’’ हुईं थी। व्यापक हिंसा के आरोपों से नाराज राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने राज्य के चुनाव आयुक्त सौरभ दास से सोमवार को स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।
BJP ने की चुनाव को अमान्य घोषित करने की मांग
बता दें कि भाजपा की बंगाल यूनिट ने राज्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर कानून-व्यवस्था की पूरी तरह से विफलता का हवाला देते हुए चुनावों को अमान्य घोषित करने की मांग की। पत्र में लिखा गया है कि “पश्चिम बंगाल ने 27 फरवरी को मतदान के दौरान सभी 108 नगरपालिकाओं में अभूतपूर्व हिंसा, हमले, आगजनी और कानून और व्यवस्था तंत्र की पूर्ण विफलता देखी। हिंसा को गुंडों और असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाया गया था। इन चुनावों को अमान्य घोषित किया जाना चाहिए।”
 

Desk Team