पश्चिम बंगाल की एक लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल में उलुबेरिया लोकसभा सीट तथा नोआपारा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह शुरू हुआ। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सीधा मुकाबला है।
वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) अपनी खोई जमीन पर पुन: वापसी की कोशिश कर रही है। दोनों सीटों पर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए केंद्रीय पुलिस बल की 35 कंपनियां तैनात की गई हैं।
उलुबेरिया लोकसभा सीट तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुल्तान अहमद के निधन के बाद खाली हुई थी। तृणमूल ने सुल्तान अहमद की पत्नी साजदा अहमद को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने अनुपम मलिक, माकपा ने सबीरुद्दीन मोल्ला तथा कांग्रेस ने हुसैन वारसी को उम्मीदवार बनाया है।
इसके अलावा पांच निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, नोआपोरा विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस ने सुनील सिंह को उम्मीदवार बनाया है जबकि माकपा ने गार्गी चटर्जी को टिकट दिया है। कांग्रेस ने गौतम बोस को टिकट दिया है जबकि भाजपा ने संदीप बनर्जी को अपना उम्मीदवार बनाया है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



