प्रियंका गांधी बोली- दलित बच्चों की हत्या के अपराधियों को जल्द कठोर सजा दिलवाएं कमलनाथ

Summary :

प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में दो दलित बच्चों को कथित तौर पर पीट पीट कर मार डालने की घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री कमलनाथ दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में दो दलित बच्चों को कथित तौर पर पीट पीट कर मार डालने की घटना की निंदा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराएं। 
उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘ एक माँ होने के नाते इस घटना की क्रूरता और अमानवीयता से मुझे गहरा दुःख हुआ । इन बच्चों का क्या दोष था और इनकी माँ पर क्या बीत रही होगी ? कमलनाथ जी से अनुरोध है कि अपराधियों को कठोर सजा दिलवाई जाए और सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में भी ऐसी हिंसक और निंदनीय घटनाएँ न हों।’’ 

मध्यप्रदेश : पंचायत भवन के सामने शौच करने पर 2 दलित बच्चों की पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के भावखेड़ी गांव में बुधवार की सुबह पंचायत भवन के सामने शौच करने पर दो व्यक्तियों ने दो दलित बच्चों को कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला। 
सिरसोद पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक आर एस धाकड़ ने बताया कि पुलिस ने मामले में दो आरोपियों हाकिम यादव और उसके भाई रामेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना में दो ही व्यक्ति कथित तौर पर शामिल थे। 

Desk Team