तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को कोलकाता नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक के बाद मंत्री फरहाद हाकिम को कोलकाता का अगला महापौर नियुक्त किया। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्ड संख्या 82 से चुनाव जीतने वाले हकीम शहर के पूर्व महापौर रहे हैं और 2020 में पहले बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें नगर निगम का प्रशासक नियुक्त किया गया था, लेकिन महामारी के कारण चुनाव नहीं हो सके।
हकीम कोलकाता पोर्ट विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी हैं, जो राज्य मंत्रिमंडल में परिवहन और आवास विभाग का जिम्मा संभालते हैं। शहर के पहले मुस्लिम महापौर हाकिम ने कहा, ‘‘मैं ममता बनर्जी को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे फिर से कोलकाता के लोगों की सेवा करने का मौका दिया। मुझे पार्टी के नेता के रूप में नियुक्त किया गया है और महापौर पद की शपथ लेने के बाद मैं घोषणापत्र को लागू करने की दिशा में काम करूंगा।’’
शोभन चटर्जी के अचानक इस्तीफा देने के बाद दिसंबर 2018 में हकीम को कोलकाता का महापौर बनाया गया था। वहीं, वार्ड संख्या 88 से फिर से पार्षद चुनी गईं दक्षिण कोलकाता लोकसभा सीट से सांसद माला रॉय को यहां महाराष्ट्र निवास में हुई बैठक के बाद केएमसी का अध्यक्ष बनाया गया। वह पूर्व के कार्यकाल में भी नगर निगम की अध्यक्ष थीं।
वार्ड संख्या 11 से पार्षद बने काशीपुर-बेलगछिया से विधायक अतिन घोष को फिर नगर निगम का उप महापौर नियुक्त किया गया है। बैठक में सभी 144 वार्ड से केएमसी के सभी 134 नवनिर्वाचित पार्षद मौजूद रहे। केएमसी के लिए रविवार को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन वार्ड में जीत दर्ज की, जबकि वाम मोर्चा और कांग्रेस ने दो-दो वार्ड में जीत हासिल की। तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनाव जीता। नतीजे मंगलवार को घोषित किए गए।


Download Android App
Download iOS App



