बिहार के एक मंत्री से बीरभूम जिले में मंदिर नगरी तारापीठ के एक होटल के कर्मचारियों ने आज कथित तौर पर बदसलूकी की। इस आरोप का होटल के अधिकारियों ने खंडन किया है। मंत्री के निजी सचिव एस कुमार ने बताया कि बिहार के शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई और उनके लोगों पर हमला किया गया जब उन्होंने बुकिंग राशि को रिफंड करने की मांग की। कुमार ने बताया, हमने दो कमरे ऑनलाइन बुक किये थे।
हालांकि, दोपहर में वहां पहुंचने के बाद हमने पाया कि कमरे मंत्री के लिये उपयुक्त नहीं थे। उन्होंने बताया कि होटल से वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया लेकिन उन्होंने मंत्री के साथ गाली-गलौज की।
कुमार ने दावा किया, हमने होटल छोड़ने और बुकिंग राशि को रिफंड करने की मांग की, लेकिन उन्होंने मना कर दिया और कर्मचारियों ने हमपर हमला किया। उन्होंने बताया, मंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बचाया और हमें होटल छोड़ने को बाध्य किया गया। होटल के प्रबंधक सुनील गिरि ने हालांकि आरोपों का खंडन किया है।
वहीं मंत्री के निजी सचिव संजीव कुमार ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि मंदिर दौरे के वक्त मंत्री पर हमला किया गया और उनके बॉडीगार्ड्स उन्हें बचाते वक्त चोटिल हो गए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार को मंत्री के दौरे के बारे में सूचना दी गई थी, लेकिन प्रोटोकॉल के तहत उन्हें सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार की उदासीनता पर भी हैरानगी जाहिर की।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ


Download Android App
Download iOS App



