जद(एस) के वरिष्ठ नेता एच डी कुमारस्वामी ने बाढ़ की वजह से अपनी फसल और रोजी-रोटी गंवाने वाले किसानों की अपेक्षाओं को पूरा नहीं करने के लिए कर्नाटक की भाजपा नीत सरकार की सोमवार को आलोचना की। कुमारस्वामी ने विशेष तौर पर चिकमगलुरू जिले के किसानों की बदहाली का जिक्र किया। जिले में बाढ़ के कारण बड़े पैमाने पर खड़ी फसलें तबाह हो गयी थीं और इस सदमे में दो किसानों ने खुदकुशी कर ली।
उन्होंने किसानों का साथ नहीं देने के लिए उडूपी-चिकमगलुरू की भाजपा सांसद शोभा करंदलाजे की भी आलोचना की। पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘बाढ़ के कारण चिकमगलुरू में हजारों परिवार बर्बाद हो गए। सरकार से राहत नहीं मिलने के कारण किसान खुदकुशी कर रहे हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘चिकमगलुरू की सांसद को किसानों की मदद करनी चाहिए लेकिन वह क्षेत्र से बाहर हैं, साफ पता चलता है कि वह किसानों के प्रति कितना चिंता कर रही हैं।’’
करंदलाजे ने कहा कि केंद्र सरकार धनराशि जारी करते हुए लंबे समय की योजना के बारे में सोच रही है। उन्होंने मैसुरू में संवाददाताओं से कहा कि केंद्र और राज्य के अनुदानों का बेहतर तरीके से उपयोग किया जाएगा। कुमारस्वामी ने बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत राशि प्रदान करने में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।


Download Android App
Download iOS App



