बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर तीन परीक्षार्थियों की मौत हो गई। सभी मृतक रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा देकर वापस अपने घर लौटने के लिए बस पकड़ने जा रहे थे। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सरसों तेल की टीन से लदा एक ट्रक रात मुजफ्फरपुर की ओर से आ रहा था, तभी कांटी थर्मल पावर के निकट ट्रक पर से चालक का नियंत्रण हट गया और वहीं पलट गया।
इस दुर्घटना में सड़क से गुजर रहे तीन परीक्षार्थी ट्रक के नीचे दब गए, जिससे घटनास्थल पर ही तीनों की मौत हो गई। ये सभी परीक्षार्थी बस पकड़ने के लिए सड़क से जा रहे थे। मुजफ्फरपुर (पश्चिम) के पुलिस अधीक्षक कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि मृतकों की पहचान सुपौल के हरियाही गांव निवासी रूबी कुमारी और निक्की रानी के रूप में की गई है। ये दोनों सगी बहनें बताई जा रही है। मृतक छात्र की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद ट्रक का चालक और सहचालक मौके से फरार हो गया हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



