लोकसभा चुनाव को लेकर अब सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में उतरने लगे हैें। विपक्षी दलों के महागठबंधन के प्रमुख घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इस चुनाव में पूरे दमखम से उतरने की तैयारी में है। इस बीच, राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोमवार से अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया। राजद ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है।
इस सूची में 40 चेहरों को जगह मिली है, जिसमें बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, उनकी मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के साथ-साथ उनके भाई और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव का नाम शामिल है, लेकिन राज्यसभा सांसद मीसा भारती का नाम इस सूची में नहीं है।
2019 का लोकसभा चुनाव लोकशाही और तानाशाही के बीच का चुनाव है : तेजस्वी यादव
लालू प्रसाद यादव की अनुपस्थिति में इस चुनाव में स्टार प्रचारकों की सूची में मुख्य रूप से तेजस्वी के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह, शिवानंद तिवारी, मंगनी लाल मंडल, प्रवक्ता मनोज झा, अब्दुल बारी सिद्दीकी, रामचंद्र पूर्वे, सुरेंद्र यादव, भाई वीरेंद्र, आलोक मेहता समेत कई चेहरे शामिल हैं।
बिहार की कुल 40 लोकसभा सीटों में राजद महागठबंधन में सबसे ज्यादा 20 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। इस महागठबंधन में राजद के साथ कांग्रेस, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी), राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (रालोसपा) जैसी पार्टियां शामिल हैं। राज्य में 7 चरणों में 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई और 19 मई को मतदान होगा। मतों की गिनती 23 मई को होगी।


Download Android App
Download iOS App




