भुवनेश्वर: पूर्व मंत्री प्रताप केशरी देब ने आज सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। ओडिशा से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए चुनाव 25 मई को होगा। मुख्यमंत्री और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ देब ने नामांकन पत्रों के तीन सेट भरे। नामांकन का आज आखिरी दिन था।
देब ने नामांकन भरने से पहले ओडिशा राज्य हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। देब बीजद के प्रवक्ता भी हैं, उन्होंने नामांकन पर्चा भरने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘मैं पार्टी अध्यक्ष का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे राज्यसभा में ओडिशा का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया है। मंै ओडिशा के लिए बोलूंगा और काम करूंगा और राज्य के मुद्दों को आवाज प्रदाप करूंगा।”
विधानसभा में बीजद की संख्या को देखते हुए देब का राज्यसभा के लिए चुना जाना लगभग तय है। विधानसभा के 147 सीटों में से सत्तारूढ़ पार्टी के पास 117 सीटें हैं। विधानसभा में कांग्रेस के 16 और भाजपा के 10 विधायक हैं। राज्यसभा की यह सीट बीजद सांसद बिष्णु चरण दास के 21 मार्च को दिए इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है।
-भाषा


Download Android App
Download iOS App



